लोकेश्वर सिंह ठाकुर की रिपोर्ट।
प्रेस क्लब पत्रकार संघ की मानवीय पहल
दुर्ग में प्रेस क्लब पत्रकार संघ ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए एक सराहनीय पहल की। संगठन द्वारा दुर्ग रेलवे स्टेशन परिसर में गरीब, जरूरतमंद और असहाय लोगों के लिए निशुल्क भोजन वितरण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, शहर की प्रथम नागरिक एवं महापौर अलका बाघमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।:
प्रेस क्लब पत्रकार संघ द्वारा आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में रेलवे स्टेशन परिसर में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी कैलाश बारमेचा, पिनेकल क्लब के सदस्य, पार्षदगण और शहर के अनेक प्रबुद्ध नागरिक भी शामिल हुए। सभी ने संगठन की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि पत्रकार केवल समाचारों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य ही नहीं करते, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए सेवा कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने प्रेस क्लब पत्रकार संघ की इस पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रयास निरंतर जारी रखने की बात कही।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और प्रेस क्लब पत्रकार संघ द्वारा गरीब एवं असहाय लोगों के लिए किया जा रहा यह सेवा कार्य मानवता की सच्ची मिसाल है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जन समर्पण सेवा संस्थान दुर्ग के प्रमुख बंटी योगेंद्र शर्मा का भी प्रेस क्लब पत्रकार संघ की ओर से सम्मान किया गया। उन्हें पिछले पांच वर्षों से निरंतर जरूरतमंदों के लिए भोजन सेवा संचालित करने के लिए सॉल श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।







