दुर्ग ।नगर के रवि शंकर स्टेडियम में आयोजित सेवा सेतु शिविर में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देवसाय।

*नगर के रविशंकर स्टेडियम में आयोजित सेवा सेतु शिविर में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय*

*- जिले के अधोसंरचना, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र में सुदृढ़ बनाने 218 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की दी सौगात*

*- नगर पालिका निगम रिसाली को मिशन क्लीन सिटी, उमर पोटी में 33/11 केवी के सब स्टेशन तथा उतई व धनोरा में नए बिजली वितरण केन्द्र खोले जाने की घोषणा की*

*- प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महतारी वंदन योजना महत्वपूर्ण पहल- मुख्यमंत्री श्री साय*

*- महतारी वंदन योजना की 32वीं किश्त जारी, दुर्ग जिले की 3.89 लाख से अधिक महिलाओं को मिले 37.19 करोड़ से अधिक रुपये*

*- शिविरों के माध्यम से योजनाओं व सेवाओं का सीधा लाभ पहुंच रहा नागरिकों तक*

दुर्ग, 08 अक्टूबर 2026 / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग स्थित रविशंकर स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा सेतु-जनता के द्वार डिजिटल सरकार’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस गरिमामय आयोजन के दौरान उन्होंने जिले के समग्र विकास को गति देते हुए दुर्गवासियों को कुल 218 करोड़ 48 लाख 29 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। इन स्वीकृत एवं समर्पित परियोजनाओं से दुर्ग जिले में अधोसंरचना, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और ऊर्जा जैसे मूलभूत क्षेत्रों का ढांचा अत्यधिक सुदृढ़ होगा। जन-कल्याण को समर्पित इस पहल के माध्यम से राज्य सरकार की डिजिटल सेवाओं को सीधे नागरिकों के द्वार तक पहुँचाने और जिला स्तर पर विकास की गति को और तेज करने का संकल्प दोहराया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने नगर पालिका निगम रिसाली को मिशन क्लीन सिटी, उमर पोटी में 33/11 केवी के सब स्टेशन तथा उतई व धनोरा में नए बिजली वितरण केन्द्र खोले जाने की भी घोषणा की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा संकल्प शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।

*महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिला आर्थिक संबल*

प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महतारी वंदन योजना महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में अब तक 20,700 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। छत्तीसगढ़ राज्य में महतारी वंदन योजना विगत 01 मार्च 2024 से प्रभावी है। योजना की शुरुआत से लेकर सितम्बर 2026 तक विगत 31 महीनों में प्रदेश की महिलाओं को कुल 20,075.76 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। आज जारी 32वीं किश्त के साथ ही योजना के सफलता के 32 माह पूर्ण हो चुके हैं। इस योजना से महिलाओं को अपनी आवश्यकताओं के साथ परिवार की आर्थिक जरूरतों में सहयोग करने का अवसर मिल रहा है।

*25 वर्षों की जनसेवा का सफर*

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लगभग 13 वर्षों तक नेतृत्व करने के बाद वर्ष 2014 से वे देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा धारा 370 की समाप्ति तथा अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए । इसके साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है।

*प्रदेश में दिख रहा योजनाओं और गारंटियों का प्रभाव*

राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला और श्रमिक वर्ग को लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के गरीब परिवारों के लिए 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। प्रदेश में प्रतिदिन 1600 से अधिक आवासों का निर्माण पूर्ण किए जा रहे हैं। किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान का भुगतान तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है। रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की नि:शुल्क यात्रा कराई जा चुकी है। तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से 10 हजार से अधिक बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों का दर्शन कराया गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्रमिक कल्याण के तहत भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के माध्यम से निर्माण श्रमिकों के खातों में 163 करोड़ रुपए से अधिक की वित्तीय सहायता डीबीटी के जरिए अंतरित की गई है। प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए सुशासन एवं अभिशरण विभाग का गठन किया गया है। शासकीय कार्य पूरा डिजिटल कर दिया गया है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की नागरिक सेवाएं डिजिटल रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके माध्यम से आय, निवास, जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न आवश्यक दस्तावेजों के लिए नागरिक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे नागरिकों को शासकीय सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है और सेवाओं की पहुंच आसान हुई है। छत्तीसगढ़ सरकार का सेवा सेतु पोर्टल सुशासन को नागरिकों के द्वार तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। आज 38 विभागों की 907 सेवाएं 16,619 सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

*मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से शिकायतों के निराकरण की सुविधा*

नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 संचालित है। नागरिक अपनी समस्या दर्ज कराकर उसके निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर रहे हैं तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ और आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध करा रहे हैं।

इस अवसर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण और विकास को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचा रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के खातों में लगातार 32 महीनों से सहायता राशि अंतरित की जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर जारी है।

सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनसेवा का सफर गुजरात से शुरू हुआ। गुजरात में इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीक और औद्योगिक विकास को गति मिली। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी स्थिति मजबूत की है। कोरोना महामारी के दौरान भारत ने स्वदेशी तकनीक और वैक्सीन के माध्यम से प्रभावी प्रयास किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पिछले 25 वर्षों से निरंतर देशहित में कार्य कर रहे हैं। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जिले के विकास गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर, साजा विधायक श्री ईश्वर साहू, वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन, दुर्ग महापौर श्रीमती अलका बाघमार, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, पूर्व मंत्री श्री प्रेम प्रकाश पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्राम उद्योग बोर्ड अध्यक्ष श्री राकेश पांडे, वरिष्ठ नागरिक श्री सुरेंद्र कौशिक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री प्रितपाल बेल चंदन, पूर्व विधायक श्री लाभचंद बाफना, संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, आईजी श्री अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्‍या नगरवासी उपस्थित थे।

  • Related Posts

    दुर्ग।ग्राम नंदकठी के मां शीतला मंदिर में 64 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित।

    रिपोर्टर ।लोकेश्वर सिंह ठाकुर। ग्राम नंदकठी के मां शीतला मंदिर में 64 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की गई। एवं मां शीतला मंदिर समिति के समस्त सदस्यों द्वारा पूजा अर्चना की गई।

    दुर्ग।ग्राम नंदकठी के मां चंडिका मंदिर में 41,मां शीतला मंदिर में 64,बजरंग नगर मां दुर्गा मंदिर में 02 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित।

    रिपोर्टर। लोकेश्वर सिंह ठाकुर स्लग । ग्राम नंदकठी के मां चंडिका मंदिर में 41 मां शीतला मंदिर में 64 एव बजरंग नगर मां दुर्गा मंदिर में 02 मनोकामना ज्योति कलश…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    दुर्ग।ग्राम नंदकठी के मां शीतला मंदिर में 64 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित।

    दुर्ग।ग्राम नंदकठी के मां शीतला मंदिर में 64 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित।

    दुर्ग।ग्राम नंदकठी के मां चंडिका मंदिर में 41,मां शीतला मंदिर में 64,बजरंग नगर मां दुर्गा मंदिर में 02 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित।

    दुर्ग।ग्राम नंदकठी के मां चंडिका मंदिर में 41,मां शीतला मंदिर में 64,बजरंग नगर मां दुर्गा मंदिर में 02 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित।

    दुर्ग।नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रज्वलित हुए आस्था के ज्योत,ग्राम नंदकठी के महामाया में 139 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित।

    दुर्ग।नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रज्वलित हुए आस्था के ज्योत,ग्राम नंदकठी के महामाया में 139 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित।

    Descoperă Secretele Royal Casino și Începe Să Câștigi Azi

    Discover Hidden Casinos Not Registered on GamStop

    How Casinos Use Technology to Combat Player Addiction