सांसद विजय बघेल ने गिनाईं विकास कार्यों की उपलब्धियां, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी विकास पर रखी बात।
.प्रेस क्लब पत्रकार संघ दुर्ग के तत्वावधान में आयोजित प्रेस संवाद कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए अपने कार्यकाल की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। इस दौरान खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास और श्रमिक बस्तियों की समस्याओं पर विस्तार से बातचीत हुई।
सांसद विजय बघेल ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत शहरी पथ विक्रेताओं को लगभग 51 करोड़ 81 लाख रुपये के ऋण वितरण में सहायता मिली है। वहीं, सांसद खेल महोत्सव में करीब 4 लाख 98 हजार खिलाड़ियों के पंजीयन का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाला आयोजन बताया।
शहरी क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए दुर्ग नगर निगम को 27 करोड़ 42 लाख रुपये और भिलाई नगर निगम को 54 करोड़ 40 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी। उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र से जुड़े भूमि मामलों, रिसाली की श्रमिक बस्तियों के विकास और मरोदा की भूमि के हस्तांतरण से संबंधित प्रयासों पर अपनी बात रखी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के संबंध में सांसद ने सेक्टर-9 स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में सुविधाएं बढ़ाने तथा 800 बिस्तरों वाले चिकित्सा महाविद्यालय की मांग लोकसभा में उठाने की जानकारी दी। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में कृषि महाविद्यालय की स्थापना, केंद्रीय विद्यालय के स्वतंत्र भवन के लिए 6.99 एकड़ भूमि आवंटन और रिसाली-धनोरा मार्ग पर फ्लाईओवर के प्रस्ताव का विषय भी सामने आया।
सांसद ने बताया कि वर्तमान और पिछले कार्यकाल को मिलाकर सांसद निधि से ऐलगभग 33 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। कार्यक्रम में आरटीई के विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने के लिए किए गए प्रयासों पर भी चर्चा हुई।




